सीजी भास्कर, 06 मार्च।महाराष्ट्र विधानसभा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किसानों और महिलाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण (Devendra Fadnavis Announcement) घोषणाएं की हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में ‘लाडकी बहिण योजना’ लगातार जारी रहेगी, साथ ही किसानों के लिए नई कर्जमाफी योजना शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर शेतकरी कर्जमाफी योजना’ के तहत किसानों का 2 लाख रुपये तक का कृषि ऋण माफ किया जाएगा। इसके साथ ही जो किसान समय पर अपना कर्ज चुकाते हैं, उन्हें सरकार की ओर से 50 हजार रुपये का प्रोत्साहन अनुदान दिया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक राहत देना और जिम्मेदार भुगतान को बढ़ावा देना है।
सीएम फडणवीस ने विधानसभा में बताया कि लाडकी बहिण योजना के लिए पर्याप्त धनराशि की व्यवस्था की गई है। फिलहाल लाभार्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है, जिसके बाद योजना का विस्तार किया जाएगा।
मुंबई महानगर क्षेत्र के विकास की बड़ी योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य मुंबई महानगर क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को 140 अरब डॉलर से बढ़ाकर 300 अरब डॉलर (Devendra Fadnavis Announcement) तक पहुंचाना है। इसके लिए वडाला में 130 एकड़ जमीन पर विश्वस्तरीय स्टार्टअप और इनोवेशन हब बनाया जाएगा।
इसके अलावा मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत ठाणे से तलासरी तक तीन स्टेशनों का निर्माण 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सरकार अटल सेतु क्षेत्र में ‘तीसरी मुंबई’ (मुंबई 3.0) बसाने और नवी मुंबई एयरपोर्ट क्षेत्र को ग्रीनफील्ड विकास केंद्र के रूप में विकसित करने की भी योजना बना रही है।
मेट्रो और आवास परियोजनाएं भी तेज
मुख्यमंत्री ने बताया कि वडाला से गेटवे ऑफ इंडिया तक मुंबई मेट्रो लाइन-11 की भूमिगत परियोजना 23,487 करोड़ रुपये की लागत से शुरू (Devendra Fadnavis Announcement) की गई है। वहीं मुंबई एयरपोर्ट और नवी मुंबई एयरपोर्ट को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन-8 को लगभग 22,862 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा।
इसके साथ ही मुंबई में 20 लाख झुग्गियों और 10 लाख किफायती आवासों के पुनर्विकास की योजना भी बनाई जा रही है। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से राज्य में किसानों को राहत, महिलाओं को आर्थिक सहायता और मुंबई क्षेत्र में बड़े स्तर पर विकास को बढ़ावा मिलेगा।





