सीजी भास्कर, 30 दिसंबर। न्यूजीलैंड को नए साल की शुरुआत भारत के साथ वनडे और टी20 सीरीज खेलकर करेगी। इस अहम सीरीज से पहले कीवी टीम के ऑलराउंडर डग ब्रेसवेल (Doug Bracewell Retirement) ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेटो को अलविदा कह दिया है। ब्रेसवेल ने न्यूजीलैंड के लिए 69 इंटरनेशनल मैच खेले, जिनमें उन्होंने 120 विकेट लिए और बल्लेबाजी में कुल 915 रन भी बनाए। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशल मैच श्रीलंका के खिलाफ खेला था।
इस वजह से कहा अलविदा
डग ब्रेसवेल के संन्यास की मुख्य वजह रिब इंजरी है जो कि उन्हें हाल ही में हुई थी। जिसके बाद उन्होंने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट्स को अलविदा कह दिया। सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने भी उनके रिटायरमेंट की ऑफिशियल पुष्टि कर दी है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (Doug Bracewell Retirement) ने पोस्ट में लिखा, “ऑलराउंडर डग ब्रेसवेल ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया है. ब्रेसवेल ने न्यूजीलैंड के लिए 28 टेस्ट, 21 ODI और 20 टी20 मैच खेले, जिनमें उन्होंने 120 विकेट और 915 रन बनाए। उन्होंने न्यूजीलैंड की ऑस्ट्रेलिया पर ओबार्ट में आई आखिरी टेस्ट जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने मैच में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में 40 रन देकर 6 विकेट लिए। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड को इस मुकाबले में 7 रनों से यादगार जीत मिली थी। डग, आपको एक बेहतरीन करियर के लिए बधाई।”
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शानदार रहा प्रदर्शन
डग ब्रेसवेल ने इस मौके पर कहा कि न्यूजीलैंड के लिए क्रिकेट खेलना उनके लिए सबसे बड़े गर्व का विषय रहा। बात करें उनके फर्स्ट-क्लास करियर की तो उन्होंने 137 मैचों में 422 विकेट लिए। इसके साथ ही 3 शतक और 24 अर्धशतक समेत 4,505 रन भी बनाए।
आपको बता दें कि 11 जनवरी 2026 से भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का आगाज होने वाला है। पहला मुकाबला 11 जनवरी को खेला जाएगा। डग ब्रेसवेल के भारत के खिलाफ प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ 4 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेले जिनमें उनके नाम कुल 5 विकेट हैं।





