सीजी भास्कर, 14 जून : धमतरी जिले में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई (Encroachment Removal Action) के दौरान एक डेयरी संचालक ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। बुलडोजर कार्रवाई के कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
अतिक्रमण हटाने पहुंची थी प्रशासनिक टीम
मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम छिपली का है। अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व, पंचायत और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गांव पहुंची थी। टीम ने मौके पर बने डेयरीनुमा ढांचे को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने बाउंड्रीवॉल को तोड़ा, बिजली कनेक्शन काटा और वहां मौजूद 22 पशुओं को बाहर निकाला। डेयरी संचालक ने कार्रवाई का विरोध भी किया था।
घर में अचेत अवस्था में मिले संचालक
डेयरी संचालक के बेटे धनेंद्र कुमार साहू ने बताया कि उनके पिता चंपा लाल साहू कार्रवाई के दौरान घर जाने की बात कहकर वहां से चले गए थे। कुछ समय बाद जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो वे दरवाजे के पास अचेत अवस्था में पड़े मिले और उनके मुंह से झाग निकल रहा था।
इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल मगरलोड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
20 साल से पशुपालन कर चला रहे थे परिवार
परिजनों के मुताबिक, चंपा लाल साहू पिछले करीब 20 वर्षों से उसी स्थान पर पशुपालन का कार्य कर रहे थे। ग्रामीणों ने उन्हें पशुपालन के लिए जगह उपलब्ध कराई थी, जहां वे 22 पशुओं के साथ डेयरी संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।
घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है, जबकि प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।





