सीजी भास्कर, 02 अगस्त। जिले में स्वाइन फ्लू यानी इन्फ्लुएंजा A/H1N1 संक्रमण के मामले लगातार सामने (H1N1 Cases in Durg) आ रहे हैं। 4 नए मरीज मिलने के बाद जिले में अब तक कुल 17 पॉजिटिव केस की पुष्टि हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह आंकड़ा 1 सितंबर तक का है।
फिलहाल 9 मरीज एक्टिव हैं। इनमें 7 मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जबकि 2 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सभी एक्टिव मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य है।

नए मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट H1N1 Cases in Durg
H1N1 के नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की निगरानी बढ़ा दी है। संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है।
साथ ही पॉजिटिव मरीजों के स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। अस्पतालों को भी नए संक्रमित मरीजों की जानकारी तत्काल स्वास्थ्य विभाग को देने के निर्देश दिए गए हैं।
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
H1N1 के शुरुआती लक्षण सामान्य सर्दी-जुकाम और वायरल बुखार जैसे हो सकते हैं। बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द और सर्दी जैसे लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर की सलाह लेने की अपील की गई है।
सांस लेने में तकलीफ हो तो तुरंत लें चिकित्सकीय सलाह
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली सांस की बूंदों के माध्यम से संक्रमण फैल सकता है।
बुखार और खांसी के साथ सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई है। भीड़भाड़ और बंद जगहों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।



