सीजी भास्कर, 30 दिसंबर। भारतीय क्रिकेट टीम अपने नए साल का आगाज न्यूजीलैंड (IND vs NZ ODI 2026) के खिलाफ वनडे सीरीज के साथ करेगी। हालांकि इस अहम सीरीज में भारतीय टीम के दो बड़े सितारे खेलते नजर नहीं आएंगे। ये खिलाड़ी हैं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या। सीरीज की शुरुआत 11 जनवरी से शुरू हो रही है। भारत दौरे पर न्यूजीलैंड टीम 3 मैचों की वनडे सीरीज के बाद 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 को देखते हुए अहम माने जा रही हैं।
बुमराह और पांड्या करेंगे आराम
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज (IND vs NZ ODI 2026) में आराम दिया जाएगा। हालांकि दोनों इसके बाद होने वाली 5 टी20 मैचों की सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे, जिसके लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड टीम की घोषणा कर चुका है।
(IND vs NZ ODI 2026) सामने आई वजह
जसप्रीत बुमराह ने 2023 वर्ल्ड कप के बाद से भारत के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला है। रिपोर्ट के मुताबिक गेंदबाज के वर्कलोड पर ध्यान दिया जा रहा है। बीसीसीआई का अगला अहम टारगेट टी20 वर्ल्ड कप है, जो कि 7 फरवरी से 8 मार्च के बीच भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होगा।
जसप्रीत बुमराह को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से आराम देने के पीछे बीसीसीआई का मकसद है कि मैच बहुत जरुरी नहीं हैं, उनमें उनको खिलाया जाए। जिससे कि उनका वर्क लोड बढ़े। खासकर तब जब टी20 सीरीज के 10 दिन के अंदर ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू हो रहा हो।
हार्दिक को भी लोड नहीं देना चाहता बोर्ड
बुमराह की तरह ही हार्दिक पांड्या को भी न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में आराम दिया जाएगा। यह स्टार ऑलराउंडर पिछले कुछ समय से टीम का मुख्य खिलाड़ी रहा है, जिसने मौका पड़ने पर टीम को बल्ले और गेंद से जीत दिलाई है। वह पॉवरप्ले और डेथ ओवरों में गेंदबाजी कर सकते हैं। हालांकि चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से उन्होंने कोई वनडे नहीं खेला है, लेकिन उनका बाहर होना फिटनेस के कारणों से रहा। ऐसे में उन्हें भी न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में आराम दिया जा सकता है। क्योंकि उन पर भी बोर्ड कोई वर्क लोड नहीं बढ़ाना चाहता। हार्दिक फिलहाल बड़ौदा के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में 2 और मैच खेल सकते हैं।
बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए तो टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है। लेकिन, वनडे सीरीज के लिए अभी टीम की घोषणा नहीं हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 4 जनवरी को अजीत अगरकर के नेतृत्व में चयन समिति टीम इंडिया का ऐलान कर सकती है।





