सीजी भास्कर, 06 अप्रैल | भारतीय सेना का हिस्सा बनकर देश सेवा का जज्बा रखने वाले छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए राहत भरी खबर (Indian Army Recruitment 2026) है। सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर ने विभिन्न श्रेणियों में भर्ती के लिए जारी ऑनलाइन पंजीकरण की समय-सीमा को आगे बढ़ा दिया है। जो उम्मीदवार किन्हीं कारणों से अब तक अपना आवेदन नहीं कर पाए थे, वे अब 10 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं।
इन पदों के लिए खुला है भर्ती का द्वार (Indian Army Recruitment 2026)
सेना द्वारा जारी इस नई अधिसूचना के तहत कई महत्वपूर्ण श्रेणियों में नियुक्तियां की जानी हैं। इसमें मुख्य रूप से अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), तकनीकी शाखा, लिपिक (क्लर्क)/स्टोरकीपर और ट्रेडमैन (8वीं व 10वीं पास) शामिल हैं। इसके साथ ही सेना पुलिस में महिलाओं के लिए अग्निवीर महिला भर्ती और स्थाई कैडर के अंतर्गत नर्सिंग सहायक, सिपाही फार्मा, हवलदार (शिक्षा) और धर्म शिक्षक जैसे पदों के लिए भी आवेदन मंगाए गए हैं।
वेबसाइट पर उपलब्ध है विस्तृत जानकारी
पंजीकरण की यह प्रक्रिया पहले 13 फरवरी से शुरू होकर 01 अप्रैल तक निर्धारित थी, जिसे अब युवाओं की सुविधा के लिए विस्तारित किया (Indian Army Recruitment 2026) गया है। इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय सेना की ऑफिशियल वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर अपनी योग्यता और पदों की अर्हता (Eligibility) चेक कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ें ताकि फॉर्म भरने में कोई त्रुटि न हो।
किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
आवेदन प्रक्रिया में आने वाली तकनीकी दिक्कतों या भर्ती से संबंधित किसी भी अन्य पूछताछ के लिए सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। उम्मीदवार कार्यालयीन समय के दौरान टेलीफोन नंबर 0771-2965212 या 0771-2965214 पर संपर्क कर अपनी शंकाओं का समाधान कर सकते हैं। जिले के युवाओं के लिए वर्दी पहनने का यह एक सुनहरा अवसर है।


