सीजी भास्कर, 7 अक्टूबर। वर्ल्ड क्रिकेट में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के करोड़ों चाहने वाले हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बावजूद धोनी की लोकप्रियता (IPL Auction) खत्म नहीं हुई है। आज भी उनकी एक झलक पाने के लिए फैंस बेताब रहते हैं। धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है, लेकिन आईपीएल में वह अब भी चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े हुए हैं।
सीएसके से धोनी का रिश्ता तब बना जब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL Auction) की शुरुआत हुई थी। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले कुछ बड़े खिलाड़ियों को मार्की प्लेयर बनने का ऑफर मिला, जिसमें धोनी का नाम भी शामिल था। उस दौरान उनसे क्या बातें हुईं और उन्होंने क्यों मार्की प्लेयर न बनने का फैसला किया, इस पर उन्होंने 18 साल बाद बड़ा खुलासा किया है।
ठुकरा दिया 1 मिलियन डॉलर का ऑफर
स्टार स्पोर्ट्स को दिए इंटरव्यू में धोनी ने बताया कि उन्हें सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीरेंद्र सहवाग की तरह मार्की प्लेयर बनने का प्रस्ताव मिला था। उस वक्त राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और हैदराबाद फ्रेंचाइजी के पास मार्की प्लेयर नहीं थे। धोनी को विश्वास था कि यदि इनमें से कोई एक टीम भी बोली लगाती है, तो 1 मिलियन डॉलर तो पक्के मिलेंगे। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी ने उनसे मार्की प्लेयर (IPL Auction) बनने का अनुरोध किया, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया।
उन्होंने वजह बताते हुए कहा, “मुझे मार्की प्लेयर के तौर पर 1 मिलियन डॉलर मिलने थे। मैंने यह ऑफर इसलिए ठुकराया क्योंकि उस समय तीन टीमों (चेन्नई, हैदराबाद, राजस्थान) ने मार्की प्लेयर की घोषणा नहीं की थी। मैं उस वक्त भारतीय टीम का कप्तान था, इसलिए मैंने रिस्क लेने का फैसला किया। मुझे लगा कि ओपन ऑक्शन में मुझे ज्यादा कीमत मिलेगी। हुआ भी यही, चेन्नई सुपर किंग्स ने मुझे 1.5 मिलियन डॉलर में खरीदा।”
ये खिलाड़ी बने थे मार्की प्लेयर
धोनी ने मुस्कराते हुए कहा, “अगर उस वक्त डॉलर का रेट 40 की जगह 70 होता तो मैंने बहुत ज्यादा पैसे कमा लिए होते।” धोनी के अलावा सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, वीवीएस लक्ष्मण, युवराज सिंह और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने मार्की प्लेयर बनने का ऑफर स्वीकार किया था।
इन सभी को मार्की प्लेयर श्रेणी में रखा गया, जिनकी बेस प्राइस बाकी खिलाड़ियों से ज्यादा थी। धोनी को ऑफर ठुकराने का फायदा यह हुआ कि चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें मार्की प्लेयर से भी ज्यादा कीमत में खरीद लिया।





