सीजी भास्कर, 20 मार्च : बस्तर जिले के कोलेंग कैंप में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) 80वीं बटालियन के जवान ए. परमा शिवम (50) का हृदयाघात से निधन (Jawan Death) हो गया। वे तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के शिवाकाशी थाना क्षेत्र के निवासी थे और हाल ही में बस्तर में पदस्थापना हुई थी।
पुलिस के अनुसार, बुधवार की रात जवान परमा शिवम ने भोजन करने के बाद कैंप में टहलना शुरू किया। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। दर्द बढ़ता देख वे सीआरपीएफ कैंप के मेडिकल सेंटर पहुंचे, जहां दवा लेने के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।
कैंप में मौजूद जवानों ने तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दी और उन्हें तत्काल डिमरापाल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। हालांकि, उपचार शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शव गृहग्राम रवाना (Jawan Death)
जवान के निधन की खबर से पूरे कैंप में शोक की लहर दौड़ गई। साथी जवानों ने कहा कि परमा शिवम कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके पार्थिव शरीर को तमिलनाडु स्थित गृहग्राम भेजने की व्यवस्था की गई। इस आकस्मिक निधन से उनके परिवार और साथियों में गहरा दुख है। अधिकारियों ने परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।






