सीजी भास्कर, 19 अगस्त : छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का एक और बड़ा मौका सामने आया है। रायगढ़ में 25 अगस्त को जिला स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले में निजी क्षेत्र की अलग-अलग कंपनियों में कुल 171 पदों पर भर्ती होगी। योग्य अभ्यर्थी जरूरी दस्तावेजों के साथ शामिल होकर नौकरी के लिए आवेदन कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें :
25 अगस्त को लगेगा रोजगार मेला
रायगढ़ में आयोजित होने वाला रोजगार मेला (Job Fair 2026) 25 अगस्त 2026 को जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र में होगा। प्लेसमेंट कैम्प की शुरुआत सुबह 10:30 बजे होगी। निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों द्वारा अलग-अलग पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का ई-रोजगार पोर्टल में पंजीकृत होना जरूरी है। हालांकि, जिन अभ्यर्थियों ने पहले पंजीयन नहीं कराया है, वे रोजगार मेला स्थल पर भी अपना पंजीयन करा सकेंगे।
171 पदों पर भर्ती का मौका
रोजगार मेला (Job Fair 2026) में कुल 171 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें अप्रेंटिस, फील्ड ऑफिसर, कलेक्शन ऑफिसर, रिलेशनशिप मैनेजर, असिस्टेंट मैनेजर सहित कई तकनीकी पद शामिल हैं।
अभ्यर्थियों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग पदों के अनुसार निर्धारित की गई है। इनमें आईटीआई, 12वीं और स्नातक स्तर की योग्यता वाले उम्मीदवारों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं।
यह भी पढ़ें :
अलग-अलग कंपनियों में इतनी रिक्तियां
मेसर्स अदानी पावर लिमिटेड में अप्रेंटिस के 11 पदों पर भर्ती होगी। ये पद छोटे भंडार, पोस्ट बड़े भंडार, तहसील पुसौर क्षेत्र के लिए उपलब्ध हैं।
इसी तरह स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड में फील्ड ऑफिसर और कलेक्शन ऑफिसर के 25 पद हैं। एनआईआईटी लिमिटेड के माध्यम से आईसीआईसीआई बैंक के लिए रिलेशनशिप मैनेजर और एक्सिस बैंक के लिए असिस्टेंट मैनेजर के कुल 40 पदों पर भर्ती की जाएगी।
टेक्निकल युवाओं के लिए भी बड़ा मौका
टीपीएल सर्विस प्राइवेट लिमिटेड में सबसे ज्यादा 95 रिक्तियां उपलब्ध हैं। इनमें टेक्नीशियन, ईओटी क्रेन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर एवं गैस कटर, वर्टिकल लेथ ऑपरेटर, ग्राइंडर, लेथ ऑपरेटर, पलपीट ऑपरेटर और रीगर सहित कई तकनीकी पद शामिल हैं।
आईटीआई से लेकर 12वीं और स्नातक तक की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी अपनी पात्रता के अनुसार इन पदों के लिए रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें :
मूल दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा
रोजगार मेले (Job Fair 2026) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण-पत्र और आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर निर्धारित समय पर पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें।
जिला रोजगार अधिकारी ने जिले के अधिक से अधिक योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से रोजगार मेले में शामिल होकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है। रिक्त पदों से जुड़ी विस्तृत जानकारी ई-रोजगार पोर्टल और जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायगढ़ से प्राप्त की जा सकती है।




