मुंबई | 26 जून 2025
मनोरंजन जगत से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। मशहूर मॉडल और अभिनेत्री शेफाली जरीवाला, जिन्हें पूरे देश में ‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से पहचान मिली थी, अब इस दुनिया में नहीं रहीं। महज 42 साल की उम्र में उनका कार्डियक अरेस्ट (Heart Attack) से निधन हो गया।
बुधवार देर रात करीब 11 बजे उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उनके पति और टीवी अभिनेता पराग त्यागी ने उन्हें मुंबई के बेलेव्यू मल्टीस्पेशालिटी हॉस्पिटल, अंधेरी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सबसे पहले विरल भयानी ने दी पुष्टि
इस दुखद समाचार की पुष्टि सबसे पहले सेलेब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर की। इसके बाद अभिनेत्री के मेकअप आर्टिस्ट ने रोते हुए यह जानकारी मीडिया से साझा की कि एक्ट्रेस की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। हालांकि, अब तक परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
2002 में ‘कांटा लगा’ से मिली थी स्टारडम
शेफाली जरीवाला ने अपने करियर की शुरुआत 2002 में हिट म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से की थी। उनका बोल्ड अंदाज़ और बेहतरीन स्क्रीन प्रेज़ेंस ने उन्हें ओवरनाइट सेंसेशन बना दिया। इसके बाद उन्होंने फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ और रियलिटी शो बिग बॉस 13, नच बलिए जैसे प्लेटफॉर्म्स से दोबारा पॉपुलैरिटी हासिल की।
पति पराग त्यागी की गमगीन तस्वीर वायरल
एक वायरल वीडियो में पराग त्यागी को अस्पताल के बाहर गाड़ी में बैठा देखा गया, जहां उनका चेहरा बेहद उदासी और शॉक में नजर आया। ये दृश्य इंटरनेट पर तेज़ी से वायरल हो रहा है और हर किसी का दिल तोड़ रहा है।
सोशल मीडिया पर उमड़ा शोक
एक्ट्रेस के निधन की खबर से सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई है। फैंस, सेलिब्रिटीज़ और पुराने सहकर्मियों ने #RIPShefaliJariwala ट्रेंड कराते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके फैंस के लिए यह यकीन कर पाना बेहद मुश्किल हो रहा है कि ‘कांटा लगा गर्ल’ अब हमारे बीच नहीं हैं।