सीजी भास्कर 2 सितम्बर
नई दिल्ली
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और भारतीय रेलवे के बीच सोमवार को एक ऐतिहासिक समझौता पत्र (MoU) पर हस्ताक्षर हुए। इस करार से देशभर के लाखों रेलवे कर्मचारियों को अतिरिक्त बीमा सुरक्षा का लाभ मिलेगा।
समझौते पर हस्ताक्षर नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार और एसबीआई के चेयरमैन सी. एस. सेट्टी की मौजूदगी में किए गए।
रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ा फायदा
इस एमओयू के तहत एसबीआई में सैलरी अकाउंट रखने वाले रेलवे कर्मचारियों को पहले से ज्यादा बीमा कवर मिलेगा।
- 1 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर
- प्राकृतिक मृत्यु पर 10 लाख रुपये तक का कवर (बिना प्रीमियम और बिना मेडिकल टेस्ट)
- स्थायी पूर्ण अक्षमता पर 1 करोड़ रुपये तक का मुफ्त कवर
- स्थायी आंशिक अक्षमता पर 80 लाख रुपये तक का कवर
मौजूदा योजना से कई गुना ज्यादा सुरक्षा
केंद्रीय सरकारी कर्मचारी समूह बीमा योजना (CGEGIS) में मौजूदा कवरेज बहुत कम है—
- ग्रुप A: ₹1.20 लाख
- ग्रुप B: ₹60,000
- ग्रुप C: ₹30,000
इसके मुकाबले, नया समझौता कर्मचारियों को कई गुना ज्यादा सुरक्षा प्रदान करेगा।
7 लाख से अधिक कर्मचारी होंगे लाभान्वित
फिलहाल लगभग 7 लाख रेलवे कर्मचारियों का सैलरी अकाउंट एसबीआई में है। ऐसे में इस समझौते से रेलवे परिवार का बड़ा वर्ग प्रत्यक्ष रूप से लाभ उठाएगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह पहल कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो रेलवे परिवार की सुरक्षा और भरोसे को और मजबूत बनाएगा।





