सीजी भास्कर, 25 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नेलाकांकेर क्षेत्र में शुक्रवार की आधी रात माओवादियों (Maoist Attack) ने दो युवकों को बेरहमी से मार डाला, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। घटना थाना उसूर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम नेलाकांकेर में हुई। मारे गए युवकों की पहचान रवि कटटम पिता कन्ना (25 वर्ष) और तिरूपति सोढी पिता नरसा (38 वर्ष) के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, 20-25 माओवादियों ने आधी रात घरों में घुसकर दोनों युवकों को उठाया और उनकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद धारदार हथियार से उनकी हत्या कर शव को सड़क पर फेंक दिया। मृतकों के पास माओवादियों ने एक पर्चा भी छोड़ा है, जिसमें पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया गया है। (Maoist Attack) से जुड़े सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि तिरूपति सोढ़ी का बड़ा भाई सीआरपीएफ में आरक्षक के रूप में कार्यरत है।
घटनास्थल के लिए तुरंत थाना उसूर और सीआरपीएफ के जवान भेजे गए। पीड़ित परिवारों ने तत्काल मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। दो युवकों की हत्या से गांव में भय और तनाव फैल गया है। थाना उसूर द्वारा घटना की तस्दीकी की जा रही है और प्रारंभिक जांच में घटना की गंभीरता सामने आई है।
उल्लेखनीय है कि इसी दिन उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उसूर के ग्राम नंबी में सीआरपीएफ कैंप का निरीक्षण किया और लाखों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। घटना नंबी से लगभग 7-8 किमी की दूरी पर घटित हुई। उपमुख्यमंत्री के क्षेत्रीय दौरे के कुछ घंटे बाद ही माओवादियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में (Maoist Attack) को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है और माओवादियों के खिलाफ अभियान की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
