सीजी भास्कर, 07 जनवरी। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला (Minor Assault Rural India) सामने आया है। खेत से मटर तोड़कर खाने पर दो नाबालिग बच्चों को रस्सी से बांधकर पीटने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया।
राजपुर थाना क्षेत्र का मामला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह घटना राजपुर थाना क्षेत्र के लडुआ गांव की है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी कपिल उरांव (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला
लडुआ गांव निवासी कृष्ण नाथ टोप्पो (40 वर्ष) ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज (Minor Assault Rural India) कराई थी। शिकायत के अनुसार, 4 जनवरी को दोपहर करीब 12 बजे उनका सात वर्षीय बेटा और गांव का एक अन्य नाबालिग बालक खेत में मटर तोड़कर खा रहे थे। इस बात से नाराज होकर कपिल उरांव ने दोनों बच्चों को पकड़कर अपने घर ले गया।
आरोप है कि आरोपी ने बच्चों के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना के समय बच्चे दर्द से चीखते रहे, लेकिन आरोपी नहीं रुका।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
वायरल वीडियो ने बढ़ाई गंभीरता
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई (Minor Assault Rural India) देता है कि दोनों नाबालिग बच्चे जमीन पर पड़े हैं और उनके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए हैं। वीडियो में एक व्यक्ति की आवाज सुनाई देती है, जो बच्चों से पूछ रहा है कि क्या उन्होंने मटर तोड़ी थी। जवाब में एक बच्चा कहता है कि उसे नहीं पता।
समाज में आक्रोश
घटना सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि छोटी-सी बात पर बच्चों के साथ इस तरह की क्रूरता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़ी कार्रवाई की जा रही है।





