सीजी भास्कर, 02 जुलाई : रायगढ़ जिले में छेड़छाड़ (Molestation Case) का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। युवती से छेड़छाड़ कर रहे आरोपी को समझाने पहुंचे उसकी सहेली के जीजा पर आरोपी ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने युवक के पेट और छाती पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की शिकायत मिलने के बाद धरमजयगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मोबाइल नंबर मांगने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार लैलूंगा थाना क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय युवती ने धरमजयगढ़ थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह पिछले करीब छह महीने से धरमजयगढ़ क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर मजदूरी कर रही है।
मंगलवार शाम वह अपनी सहेली के साथ निर्माण स्थल पर काम कर रही थी। इसी दौरान तुर्कापारा निवासी 23 वर्षीय सागर सारथी वहां पहुंचा और युवती से मोबाइल नंबर मांगने लगा।
नंबर देने से इनकार किया तो करने लगा छेड़छाड़
युवती ने मोबाइल नंबर देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख युवती की सहेली ने तत्काल अपने जीजा को मोबाइल पर फोन कर मौके पर बुलाया।
युवती की सहेली का जीजा वहां पहुंचा और आरोपी सागर सारथी को समझाते हुए छेड़छाड़ करने से मना किया। इससे नाराज होकर आरोपी गाली-गलौज करते हुए अपने घर चला गया और कुछ देर बाद चाकू लेकर वापस लौटा।
पेट और छाती पर किए चाकू से वार
आरोपी ने युवक को जान से मारने की धमकी दी और उसके पेट व छाती पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
आरोपी गिरफ्तार, चाकू भी बरामद
घटना के बाद पीड़िता ने धरमजयगढ़ थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 109, 115(2), 296 एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी सागर सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



