सीजी भास्कर, 29 मई। रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 29 से 31 मई तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में देशभर के साथ-साथ विदेशी प्रजातियों के आम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजन को लेकर आम प्रेमियों और किसानों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। (National Mango Festival 2026 Raipur)
राज्यपाल करेंगे शुभारंभ, मुख्यमंत्री करेंगे अध्यक्षता : National Mango Festival 2026 Raipur
महोत्सव का शुभारंभ 29 मई को शाम 4 बजे छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। आयोजन में कृषि वैज्ञानिक, किसान, छात्र और बड़ी संख्या में आम प्रेमी शामिल होंगे।
देशी-विदेशी आमों की दिखेगी खास झलक
महोत्सव में 250 से अधिक किस्मों के आमों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें दशहरी, लंगड़ा, अल्फांसो, केसर, मालदा, तोतापरी, आम्रपाली, मल्लिका और जापान की चर्चित मियाजाकी जैसी खास प्रजातियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आगंतुकों को विभिन्न किस्मों के स्वाद, रंग और विशेषताओं के बारे में जानकारी भी दी जाएगी।
प्रतियोगिताओं से बढ़ेगा उत्साह
तीनों दिनों तक आम आधारित कई रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें आम सजावट, मैंगो क्विज, फैंसी ड्रेस, बोनसाई और मॉडल प्रतियोगिता शामिल हैं। इसके अलावा आम से बने व्यंजनों जैसे अचार, पना, आमरस, जैम और मिठाइयों की प्रतियोगिता भी होगी, जिसमें प्रतिभागी अपनी कला और स्वाद का प्रदर्शन करेंगे।




