सीजी भास्कर, 17 अगस्त : गरियाबंद और धमतरी जिले की सीमा पर घने गोबरा जंगल में सुरक्षाबलों की संयुक्त कार्रवाई में चार हार्डकोर माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया। इन पर कुल 19 लाख का इनाम था। इनमें दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
इनमें आठ लाख के इनामी दीपक उर्फ भीमा मंडावी, पांच-पांच लाख के कैलाश उर्फ भीमा भोगम, रनिता उर्फ पायकी और एक लाख की इनामी सुजीता शामिल हैं। ये सभी लंबे समय से माओवादी गतिविधियों में शामिल रहे हैं। इनके पास से 16 लाख 50 हजार, ग्रेनेड, बीजीएल लांचर, इलेक्ट्रानिक डिवाइस और वर्दी बरामद की।
पुलिस ने बताया कि 16-17 अगस्त की रात सुरक्षा बलों ने गोबरा जंगल में घेराबंदी की। सुबह माओवादियों ने फायरिंग शुरू की, जिसका जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। मुठभेड़ के दबाव में चारों माओवादियों ने समर्पण कर दिया।
आत्मसमर्पण के बाद माओवादियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने जंगल में भारी मात्रा में हथियार और कैश छिपा रखा है। आइजी अमरेश मिश्रा ने कहा कि यह माओवादियों की योजना को विफल करने में महत्वपूर्ण है। गरियाबंद एसपी निखिल रखेचा ने इसे क्षेत्र में माओवादियों की पकड़ कमजोर करने वाला बताया।