सीजी भास्कर, 6 अप्रैल। ग्वालियर के विवेकानंद नीडम रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) को जल्द ही जनता के लिए खोला जाएगा। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आरओबी के कार्य की समीक्षा की और सभी कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश दिए।
बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विमानतल पर कलेक्टर रुचिका चौहान को आरओबी के शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर चौहान ने शनिवार को आरओबी का निरीक्षण किया। उन्होंने सेतु निगम के कार्यपालन यंत्री को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इनमें विद्युतीकरण का कार्य, रोड फर्निशिंग और आसपास की कॉलोनियों को सुरक्षित तरीके से जोड़ने का काम शामिल है। सुरक्षा के लिए विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
आरओबी पर रेडियम मार्किंग की जाएगी। डिवाइडर और आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे। यह सभी काम युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं ताकि जल्द से जल्द आरओबी का लोकार्पण किया जा सके। समीक्षा बैठक में संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर रुचिका चौहान और नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।