अभनपुर। Paddy Procurement Scam : अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के भलेरा सहकारी समिति स्थित धान खरीदी केंद्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां धान की बोरियों में पानी डालकर उनका वजन बढ़ाने की कोशिश किए जाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासन को भी तत्काल कार्रवाई करनी पड़ी।
ग्रामीणों ने कर्मचारियों को रंगे हाथ पकड़ने का किया दावा
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वे जब खरीदी केंद्र पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ कर्मचारी धान की बोरियों में पानी डालते हुए दिखाई दिए। ग्रामीणों ने मौके पर ही इस पूरे घटनाक्रम को देखा और विरोध जताया। आरोप है कि इस तरह बोरियों में पानी डालकर धान का वजन बढ़ाने की कोशिश की जा रही थी, जिससे किसानों और शासन दोनों को आर्थिक नुकसान हो सकता है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, प्रशासन हरकत में
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला तेजी से फैल गया। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने भी तुरंत संज्ञान लिया और सहकारिता विभाग की टीम को जांच के लिए मौके पर भेज दिया। टीम ने खरीदी केंद्र पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और वहां मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ भी की जा रही है।
किसानों का आक्रोश, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
इस पूरे मामले को लेकर इलाके के किसानों में नाराजगी साफ दिखाई दे रही है। कांग्रेस नेता और जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू के साथ बड़ी संख्या में किसान सहकारी समिति पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
जांच के बाद हो सकती है FIR दर्ज
मामले को लेकर आरंग एसडीएम ने बताया कि सहकारिता विभाग की टीम को जांच के लिए भलेरा भेजा गया है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रहा है।





