PTRSU Hostel Jaundice Case : रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के नवीन कन्या छात्रावास में दूषित पेयजल के कारण एक साथ कई छात्राएं बीमार पड़ गईं। बीते कुछ दिनों में कम से कम 25 छात्राओं में पीलिया जैसे लक्षण सामने आए हैं। लगातार उल्टी, कमजोरी और बुखार की शिकायत के बाद कई छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
गंदे पानी की सप्लाई पर सवाल, लंबे समय से की जा रही थी शिकायत
छात्राओं का कहना है कि छात्रावास में आने वाले पानी की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन उसे गंभीरता से नहीं लिया गया। नलों से आने वाला पानी बदबूदार और मटमैला बताया जा रहा है। इसी दूषित पानी के सेवन को बीमारी की मुख्य वजह माना जा रहा है .
डॉक्टरों की टीम को रोकने का आरोप, एनएसयूआई का हंगामा
मामले के सामने आने के बाद एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आरोप है कि जिला स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम जब छात्रावास पहुंची, तो उन्हें करीब एक घंटे तक बाहर ही रोका गया। डॉक्टरों को छात्राओं से मिलने तक नहीं दिया गया, जिससे हालात और बिगड़ गए.
कुलपति-रजिस्ट्रार कार्यालय के बाहर प्रदर्शन, इस्तीफे की मांग
घटना के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कुलपति और रजिस्ट्रार कार्यालय के सामने जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान छात्र संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कुलपति, रजिस्ट्रार और छात्रावास अधीक्षक के इस्तीफे की मांग रखी। छात्रों का कहना है कि स्वास्थ्य से जुड़ा मामला होने के बावजूद प्रबंधन की संवेदनशीलता नजर नहीं आई.
“घटना दबाने की कोशिश”, NSUI का आरोप
एनएसयूआई पदाधिकारियों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रबंधन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते साफ पानी की व्यवस्था और स्वास्थ्य जांच कराई जाती, तो इतनी छात्राएं बीमार नहीं पड़तीं। संगठन ने चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा.
प्रशासन पर दबाव बढ़ा, जल सप्लाई जांच की मांग
इस घटना के बाद छात्रावासों में पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्राओं और अभिभावकों ने मांग की है कि पूरे कैंपस की जल सप्लाई की जांच कराई जाए, टैंकों की सफाई हो और सुरक्षित पानी की वैकल्पिक व्यवस्था तुरंत की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों.






