सीजी भास्कर, 08 जून : आपराधिक गतिविधियों में लिप्त छत्तीसगढ़ की राजधानी के हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं (Raipur Tomar Brothers) पर अब प्रशासन का शिकंजा और कसता जा रहा है। पुलिस कार्रवाई के बाद अब नगर निगम ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार सुबह रायपुर नगर निगम की टीम भाठागांव स्थित वीरेंद्र तोमर और रोहित तोमर के आलीशान मकान पर पहुंची और वहां भवन की नापजोख की प्रक्रिया शुरू की गई।
नगर निगम के अधिकारियों ने मकान का नक्शा खंगालना शुरू किया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि निर्माण कार्य निगम की स्वीकृति और नियमों के अनुरूप है या नहीं। प्रारंभिक जांच में कई तकनीकी खामियां और अनियमितताएं भी सामने आने की बात कही जा रही है। मकान की ऊंचाई, चौड़ाई और सेटबैक सहित तमाम तकनीकी बिंदुओं का परीक्षण किया जा रहा है।
गौरतलब है कि तोमर बंधु (Raipur Tomar Brothers) रायपुर के चर्चित हिस्ट्रीशीटर हैं और इन पर कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुछ समय पहले पुलिस ने इनके इसी मकान पर दबिश देकर करोड़ों की संपत्ति जब्त की थी, जिसमें नकदी, सोने-चांदी के जेवर, लग्जरी वाहन और अवैध हथियार शामिल थे। पुलिस की माने तो यह संपत्ति आपराधिक गतिविधियों से अर्जित की गई थी।
फिलहाल दोनों आरोपी भाई (Raipur Tomar Brothers) फरार चल रहे हैं। पुलिस और खुफिया एजेंसियों की संयुक्त टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। नगर निगम की यह कार्रवाई प्रशासनिक स्तर पर अवैध संपत्ति और गैरकानूनी निर्माणों पर अंकुश लगाने की बड़ी पहल मानी जा रही है। इस कार्रवाई से अन्य अपराधियों में भी भय का माहौल बना है, क्योंकि प्रशासन अब सिर्फ पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं रहकर अवैध रूप से अर्जित संपत्ति पर भी सख्ती से कार्यवाही कर रहा है।