Ram Navami Celebration Raipur: रायपुर में रामनवमी का पर्व आज पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही शहर के मंदिरों और मठों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। हर तरफ भक्ति का माहौल है, मंदिरों में घंटों की गूंज और मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव (Ram Navami Festival) की तैयारियां चरम पर हैं।
दूधाधारी और जैतूसाव मठ में विशेष अभिषेक
करीब 500 साल पुराने दूधाधारी मठ और जैतूसाव मठ में आज विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण का अभिषेक किया जाएगा। महंत राम सुंदर दास द्वारा भगवान का सोने के मुकुट से भव्य श्रृंगार किया जाएगा, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
VIP रोड राम मंदिर में आकर्षक सजावट और आतिशबाजी
वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर को इस अवसर पर विशेष रोशनी और फूलों से सजाया गया है। शाम के समय यहां भव्य कार्यक्रम के साथ आतिशबाजी का आयोजन भी किया जाएगा। भक्तों के लिए यह मंदिर आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
ब्राह्मणपारा में सुंदरकांड और भक्ति कार्यक्रम
ब्राह्मणपारा स्थित सोहागा मंदिर में सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया है। शाम 5:30 बजे से भक्त मंडलियां भजन-कीर्तन प्रस्तुत करेंगी। कार्यक्रम के अंत में मंगल आरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
शांतिनगर मंदिर में पूजा और भंडारा
शांतिनगर श्रीराम मंदिर में सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक सुंदरकांड पाठ हुआ, जिसके बाद भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन किया गया। दोपहर 2 बजे तक महाप्रसाद भंडारे का आयोजन रखा गया है, जहां श्रद्धालु बड़ी संख्या में प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
गायत्री शक्तिपीठ में महायज्ञ और पूर्णाहुति
समता कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में रामनवमी के अवसर पर पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यहां श्रद्धालु यज्ञ में आहुति देकर समाज, राष्ट्र और जनकल्याण की कामना कर रहे हैं। महापूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
शाम को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
शाम होते ही शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। आकर्षक झांकियां, भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा शहर गूंज उठेगा। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।


