सीजी भास्कर, 14 सितंबर। जमीन सौदे से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में सिम्प्लेक्स (Sangeeta Ketan Shah) कास्टिंग लिमिटेड की डायरेक्टर संगीता केतन शाह ने 14 सितंबर को सुपेला थाने में उपस्थिति दर्ज कराई। हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने के बाद पुलिस ने औपचारिक गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की और कोर्ट के आदेश के तहत उन्हें थाने से ही रिहा कर दिया।

50 लाख में जमीन का सौदा, 10 लाख एडवांस
मामला ग्राम कोहका की जमीन से जुड़ा है। शिकायतकर्ता सुनील कुमार सोमेन के मुताबिक, 13 मार्च 2023 को संगीता शाह के साथ जमीन का सौदा 50 लाख रुपये में तय हुआ था। इसके लिए 10 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।
आरोप है कि बाद में जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई गई और इसी जमीन पर करीब 4.50 करोड़ रुपये का लोन भी लिया गया। कोर्ट के आदेश पर 8 मई 2026 को सुपेला थाने में संगीता और उनके पति केतन मूलचंद शाह के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ था।
यह भी पढ़ें: Train Theft Raigarh : रायगढ़ में LTT एक्सप्रेस से महिला का हैंडपर्स चोरी, 49 हजार के कैश-जेवर ले उड़ा चोर
हाईकोर्ट से मिली थी अग्रिम जमानत
दुर्ग जिला कोर्ट से अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद दोनों ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। दस्तावेजों और बैंक स्टेटमेंट देखने के बाद हाईकोर्ट ने दोनों को अग्रिम जमानत दी थी।
बचाव पक्ष ने कोर्ट में बताया था कि शिकायतकर्ता को 10 लाख रुपये बैंक के जरिए वापस किए गए थे। फिलहाल हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया
थाने पहुंचने के दौरान संगीता केतन शाह ने मीडिया के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया। उनके वकील ने भी मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।


