Village Gossip Fine Rule : बालोद जिले के ग्राम मेढ़की में आपसी तनाव और विवादों को रोकने के लिए ग्रामीणों ने खुली बैठक में एक अहम सामाजिक नियम तय किया। तय हुआ कि गांव में चुगली कर लोगों को भड़काने वाले व्यक्ति पर 5001 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि यह फैसला आपसी सौहार्द और भरोसे को फिर से मजबूत करने के लिए लिया गया है .
उकसावे से बिगड़ता था गांव का माहौल
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ लोग इधर-उधर की बातें फैलाकर परिवारों के बीच गलतफहमियां बढ़ा देते थे। छोटी बातों पर बड़े विवाद खड़े हो जाते थे, जिससे गांव का माहौल लगातार बिगड़ रहा था। इसी वजह से पंचायत और बुजुर्गों की मौजूदगी में यह सामाजिक अनुशासन तय किया गया.
नशे में आयोजन में आने पर भी आर्थिक दंड
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सामाजिक या धार्मिक कार्यक्रमों में नशे की हालत में पहुंचने वालों पर 5001 रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। ग्रामीणों का मानना है कि ऐसे आयोजनों में शराब पीकर पहुंचने से माहौल खराब होता है और विवाद की आशंका बढ़ जाती है.
पंचायत के फैसले से गांव में उम्मीद की किरण
ग्रामवासियों का कहना है कि नियम सख्त जरूर है, लेकिन जरूरी भी है। बुजुर्गों के मुताबिक लंबे समय से चली आ रही चुगली और नशे की वजह से गांव की एकता कमजोर हो रही थी। इस फैसले से गांव में अनुशासन आएगा और आपसी विश्वास लौटेगा.
नियम तोड़ा तो सार्वजनिक रूप से चेतावनी भी
ग्रामीणों ने तय किया है कि पहली बार नियम तोड़ने वाले को जुर्माने के साथ सार्वजनिक रूप से चेतावनी दी जाएगी, ताकि आगे कोई इस तरह की हरकत न करे। गांव के युवाओं ने भी इस फैसले का समर्थन किया और इसे सामूहिक जिम्मेदारी बताया.






