सीजी भास्कर, 27 जनवरी | रायपुर। Western Disturbance Chhattisgarh Update : जनवरी खत्म होने को है, लेकिन ठंड का असर अभी कायम है। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। सक्रिय मौसमी सिस्टम के साथ नए पश्चिमी विक्षोभ की एंट्री से आने वाले दिनों में बादल छाने, हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
उत्तरी जिलों में पहले दिखेगा असर
मौसम संकेतों के अनुसार 28 जनवरी को उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और बादल गरजने की संभावना जताई गई है। इसके बाद तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो सकता है, जिससे ठंड दोबारा चुभने लगेगी।
तीन दिन में 3 डिग्री तक गिर सकता है पारा
मौसम विभाग के आकलन के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 2 से 3 दिन के भीतर न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी जा सकती है। बीते कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में जो बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी, उस पर ब्रेक लगने के संकेत हैं।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम
राज्य में सोमवार को मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस दौरान कहीं भी बारिश की सूचना नहीं मिली।
30 जनवरी को फ्रेश सिस्टम करेगा एंट्री
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय है, वहीं 30 जनवरी के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से छत्तीसगढ़ के मौसम में भी बदलाव दिखेगा।
सरगुजा-बिलासपुर संभाग में ठंड ज्यादा
28 और 29 जनवरी को सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान में बहुत बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना जताई गई है।
राजधानी रायपुर का आज का मिजाज
रायपुर में सुबह के वक्त हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। दिन में मौसम साफ रहने के आसार हैं, जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बने रहने की संभावना है।





