सीजी भास्कर, 2 मार्च |
शासकीय गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसव के बाद पांच महिलाओं की तबीयत बिगड़ने का मामला गरमाने पर अस्पताल प्रशासन ने स्वीकारा है कि दवा के रिएक्शन की वजह से दो महिलाओं की हालत बिगड़ी है।
गलत इंजेक्शन लगाने से बिगड़ी तबियत
अस्पताल के अधीक्षक डा राहुल मिश्रा के अनुसार एक इंजेक्शन गलत लगने की वजह से ये हुआ है। इसका उपयोग रोक दिया गया है। महिलाओं को आइसीयू में भर्ती किया था। सभी की हालत में सुधार है। वहीं महिलाओं के स्वजन का आरोप है कि याददाश्त चली गई है।
दरअसल, 26 फरवरी को अस्पताल में 27 महिलाओं का प्रसव कराया गया था। इनमें से पांच महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानियां सामने आई थीं। जानकारी के मुताबिक रेणु गुप्ता और रानी देवी का इलाज किया जा रहा है।