सीजी भास्कर, 27 जून |
छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को रायपुर-दुर्ग समेत प्रदेश के 106 जगहों पर बारिश हुई। औसत बारिश का आंकड़ा 36.79 MM रहा। ये इस महीने का सबसे ज्यादा है। मौसम विभाग की माने तो अगले 6 दिनों तक यही स्थिति रहेगी।
मौसम विभाग ने आज (शुक्रवार) रायगढ़, सूरजपुर और कोरिया इन तीन जिलों के साथ अन्य 30 जिलों में गरज चमक के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटे में 31.2 डिग्री सेल्सियस के साथ बिलासपुर सबसे गर्म रहा।
सामान्य से 25% कम बरसा पानी, बलरामपुर में सबसे ज्यादा
1 जून से 26 जून तक प्रदेश में 112.6 MM बारिश हो चुकी है। सामान्यता जून में इस समय तक 149.6 MM बारिश रिकॉर्ड की जाती है। इस लिहाज से अब तक बारिश लगभग 25% कम हुई है। सबसे ज्यादा बारिश बलरामपुर में हुई है।
यहां सामान्य से लगभग 114 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। दरअसल जिले में जून में अब तक 228.2 MM पानी बरस चुका है। जबकि सामान्य तौर पर 106.5 MM पानी ही गिरता है।
19 जिलों में कम बारिश हुई, राजनांदगांव में कम बरसा पानी
सबसे कम बारिश राजनांदगांव में हुई है। यहां सामान्य से लगभग 79% कम बारिश दर्ज की गई है। जिले में अब तक 31.3 MM पानी बरसा है। जबकि इस महीने सामान्य तौर पर अब तक 146.5 MM पानी बरस जाना चाहिए था।
प्रदेश के आंकड़ों पर ओवरऑल बात करें तो एक जिले में सामान्य से बहुत अधिक पानी गिरा है। तीन जिलों में सामान्य से अधिक पानी गिरा है। आठ जिलों में सामान्य पानी गिरा है। 19 जिलों में नॉर्मल से कम पानी बरसा है। तीन जिलों में सामान्य से बहुत कम बारिश हुई है।