सीजी भास्कर, 26 जुलाई |
रायपुर। राजधानी के बैरागी बाड़ा (सड्डू) इलाके में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज घटना में युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि ताश खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद ने इतना विकराल रूप ले लिया कि तीन सगे भाइयों ने मिलकर 32 वर्षीय देवेंद्र चंदवानी की सिर कुचलकर हत्या कर दी।
गाली-गलौज के बाद बढ़ा झगड़ा, चाकू और सीमेंट के पिलर से हमला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक देवेंद्र आरोपी अर्जुन बैरागी के घर के पास आया था और वहां गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच बहस तेज हो गई और अर्जुन ने पास में रखा चाकू निकालकर हमला कर दिया।
हल्ला सुनकर अर्जुन के दो भाई डाडो और शाहिल बैरागी भी मौके पर पहुंच गए। तीनों ने मिलकर देवेंद्र पर हमला किया और सीमेंट का भारी पिलर उसके सिर पर पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगते ही देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर खून से सना था पूरा इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमला इतना भयावह था कि आसपास का इलाका खून से लथपथ हो गया था। सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
एक आरोपी हिरासत में, दो की तलाश जारी
पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन बैरागी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो भाई फरार हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
क्या था विवाद की वजह?
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ताश खेलने के दौरान हुए मज़ाक और गाली-गलौज से मामला गरमा गया था। पहले विवाद शांत हो गया था, लेकिन रात में देवेंद्र दोबारा वहां पहुंचा और गाली देने लगा, जिससे झगड़ा बढ़ गया।





