छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। कटघोरा थाना क्षेत्र के तानाखार में अनूप ढाबा के पास रायपुर से अंबिकापुर जा रही यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि रॉयल ट्रेवल्स की बस अनूप ढाबा के पास सड़क किनारे खड़ी थी। इस दौरान कुछ यात्री चाय-पानी और शौच के लिए बस से नीचे उतरे थे, जबकि कुछ यात्री बस के अंदर ही मौजूद थे। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
नींद की झपकी आने से हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़ी बस को टक्कर मार दी। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई।
बस हेल्पर अर्जुन राम ने बताया कि रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच बस चालक और कुछ यात्री शौच के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। हेल्पर के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागता हुआ दिखाई दिया।
दो यात्रियों की मौके पर मौत, एक रायपुर रेफर
हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए। सभी घायलों को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर कर दिया गया। बाकी पांच घायलों का इलाज कटघोरा में जारी है।
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक, मृतकों में बिलासपुर निवासी 34 वर्षीय अनूप दुबे शामिल हैं। दूसरे मृतक की उम्र 40 वर्ष बताई गई है। उसके निवास स्थान को लेकर जानकारी में अंतर होने के कारण पुलिस इसकी पुष्टि कर रही है। दोनों शवों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्चुरी में रखा गया है।
पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ दर्ज किया केस
हादसे की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात बहाल कराया। आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



