सीजी भास्कर 23अप्रैल
महिला आरक्षण बिल पारित नहीं होने के विरोध में प्रदेशभर में आज से भाजपा द्वारा जनआक्रोश महिला सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम दो दिनों तक चलेंगे, जिसके बाद 26 और 27 अप्रैल को मंडल स्तर पर पुतला दहन और 27 अप्रैल को विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इस पूरे अभियान के जरिए महिला आरक्षण के मुद्दे को जोर-शोर से उठाने की तैयारी की गई है।
प्रदेशभर में दो दिन चलेंगे सम्मेलन
भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में 23 और 24 अप्रैल को अलग-अलग जिलों में महिला सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाएं, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य महिला आरक्षण बिल को लेकर लोगों में जागरूकता और विरोध दर्ज कराना है।
पहले भी निकाली गई जनआक्रोश रैली
इससे पहले राजधानी में जनआक्रोश रैली आयोजित की जा चुकी है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया था। रैली के दौरान सभा का आयोजन भी किया गया, जहां महिला आरक्षण बिल को लेकर विरोध जताया गया और महिलाओं के अधिकारों पर जोर दिया गया।
विशेष सत्र में लाया जाएगा प्रस्ताव
27 अप्रैल को होने वाले एक दिवसीय विशेष सत्र में महिला आरक्षण कानून से जुड़े मुद्दे पर निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा। इस दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है। महिला आरक्षण के मुद्दे पर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और आने वाले दिनों में इसे लेकर गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।


