सीजी भास्कर, 10 नवंबर। छत्तीसगढ़ के जशपुर में एक युवक ने शराब के नशे में अपनी मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया गया है कि देर रात घर लौटने के बाद उसने खाना मांगा था। मां ने दिन का खाना निकालकर खाने को कहा, तो इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। गुस्से में युवक ने चूल्हे के पास पड़ी अधजली लकड़ी से मां पर कई वार कर दिए। (Jashpur Crime) बीच-बचाव करने पहुंची बहन को भी उसने पीटा। गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली का है।
देर रात शराब पीकर घर पहुंचा था आरोपी : Jashpur Crime
पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर की शाम मृतका के पति सुरेंद्र मिंज एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली के लिए डोडकाचौरा गए थे। घर पर उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर और बच्चे मौजूद थे। रात करीब 11 से 12 बजे के बीच बड़ा बेटा रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22) अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर घर पहुंचा। घर आते ही उसने खाना मांगा। मां ने उसे दिन का खाना निकालकर खाने के लिए कहा, जिस पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
अधजली लकड़ी से मां और बहन पर किया हमला
खाना देने की बात पर आरोपी इतना नाराज हो गया कि उसने चूल्हे के पास रखी अधजली लकड़ी उठा ली और मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई। मां को बचाने के लिए पहुंची बहन को भी आरोपी ने डंडे से पीटा। इसके बाद उसने छोटे भाई को भी खाना नहीं बचाने की बात पर धमकाया। वारदात के बाद आरोपी घर से भागकर जुरगुम की ओर चला गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत : जशपुर क्राईम
घटना के बाद घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया। 8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे पति सुरेंद्र मिंज को एक परिचित से घटना की जानकारी मिली। वह अस्पताल पहुंचे और पत्नी से घटना के बारे में जानकारी ली। बाद में जब वह अस्पताल लौटे, तब उन्हें पत्नी की इलाज के दौरान मौत होने की जानकारी मिली।

पति की शिकायत पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान हत्या का मामला दर्ज किया गया।
बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है आरोपी : Jashpur Crime
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और मनोरा के पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता है। वह 2-3 नवंबर को अपने घर गढ़ाटोली आया था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने 7 नवंबर की रात शराब पीकर घर आने, खाना मांगने पर मां से विवाद होने और अधजली लकड़ी से हमला करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लकड़ी जब्त कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी ने की कार्रवाई की पुष्टि
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सिटी कोतवाली क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


