सीजी भास्कर, 05 नवंबर।अस्पताल परिसर से ई-स्कूटी पार कर उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रही एक महिला को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार (Scooter Theft) किया है। आरोपी युवती की निशानदेही पर चोरी गई स्कूटी बरामद कर ली गई है। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पार्किंग से पार की थी इलेक्ट्रिक स्कूटी Scooter Theft
मामला सुपेला थाना अंतर्गत स्मृति नगर पुलिस चौकी क्षेत्र का है। अमन कुमार गेन्ड्रे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30-31 अक्टूबर की दरमियानी रात शंकराचार्य अस्पताल जुनवानी की पार्किंग में खड़ी उनकी स्कूटी क्रमांक सीजी 07 डीए 7902 किसी ने पार कर दी। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
सस्ते में स्कूटी बेचने की फिराक में थी आरोपी
विवेचना के दौरान मुखबिर से पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि सेक्टर-4 भिलाई में एक युवती चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रही है। सूचना मिलते ही स्मृति नगर चौकी पुलिस ने महिला स्टाफ के साथ घेराबंदी कर संदेही को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में उसने शंकराचार्य अस्पताल से स्कूटी चुराना कबूल कर लिया।
हॉस्टल परिसर से बरामद हुई गाड़ी
पकड़ी गई आरोपी की पहचान कु. भोज निषाद (28 वर्ष) मूल निवासी ग्राम बोरसी (धमतरी) वर्तमान निवासी एमओएच हॉस्टल परिसर सेक्टर-4 भिलाई के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सड़क नंबर 19 स्थित हॉस्टल परिसर से चोरी की गई स्कूटी बरामद कर जब्त कर ली।


