सीजी भास्कर, 14 मई : जनगणना कार्य के लिए जानकारी मांगने पर प्रगणक (शासकीय कर्मचारी) के साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज (Durg Census Duty Dispute) करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। सरकारी काम में बाधा डालने की इस हरकत पर धमधा पुलिस ने आरोपी होटल मालिक के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज कर लिया है।
जानकारी मांगने पर होटल से निकाला
धमधा के प्राथमिक शाला तमेरपारा में सहायक शिक्षक के पद पर पदस्थ अशोक कुमार देवांगन की ड्यूटी नगर पंचायत धमधा के वार्ड क्रमांक-7 में जनगणना प्रगणक के रूप में लगी है। वे 12 मई की शाम करीब 5:10 बजे शासकीय कार्य के तहत भवन संख्या 470 पर पहुंचे थे। वहां स्थित होटल के मालिक संतोष पटेल ने जानकारी देने से साफ मना कर दिया और दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। प्रगणक का आरोप है कि होटल मालिक ने “तेरे से जनगणना ((Durg Census Duty Dispute)) कार्य नहीं करवाना है” कहते हुए गाली-गलौज की और उन्हें होटल से बाहर निकाल दिया।
असुरक्षा की भावना, पुलिस में शिकायत
पीड़ित प्रगणक के अनुसार, ड्यूटी के दौरान हुई इस अभद्रता से उन्हें मानसिक कष्ट हुआ और काम के दौरान असुरक्षा की भावना पैदा हुई। उन्होंने इसकी शिकायत तुरंत थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर धमधा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी होटल मालिक संतोष पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं (पूर्ववर्ती आईपीसी की धारा 221, 296) के तहत शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



