सीजी भास्कर, 30 मई। सर्वोदय मंदिर फाउंडेशन, भिलाई गौसेवा समिति ग्राम पंचायत नारधा और नारधेश्वर गौधाम के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। (World Environment Day 2026) दुर्ग के ग्राम नारधा स्थित नारधेश्वर गौधाम (गोबर वाले हनुमानजी का गांव) में इस दिन वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण और सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।

यह पूरा कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में संपन्न होगा। इस समारोह के मुख्य अतिथि अहिवारा क्षेत्र के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा होंगे। नारधेश्वर गौधाम के संरक्षक एवं विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
गौधाम परिसर में महकेगी हरियाली : World Environment Day 2026
आयोजन को लेकर जानकारी देते हुए सर्वोदय मंदिर फाउंडेशन के निदेशक और नारधेश्वर गौधाम के प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि इस विशेष अवसर पर गौधाम परिसर में लगभग 200 छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया जाएगा। इस महाअभियान के जरिए आम जनता को पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया जाएगा।
World Environment Day 2026 : समाज के विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियों का होगा सम्मान
वृक्षारोपण के साथ-साथ इस कार्यक्रम में समाज के प्रति उत्कृष्ट सेवा देने वाली विभूतियों को भी सराहा जाएगा। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ पत्रकारिता, स्वास्थ्य सेवा और गौसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय व अनुकरणीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जाएगा।


इस आयोजन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों, चिकित्सकों, पर्यावरण प्रेमियों और गौसेवकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और गौसंरक्षण व समाजसेवा में जुटे लोगों का हौसला बढ़ाना है।
सर्वोदय मंदिर फाउंडेशन, भिलाई गौसेवा समिति और ग्राम पंचायत नारधा ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 5 जून को अधिक से अधिक संख्या में नारधेश्वर गौधाम पहुंचकर इस वृक्षारोपण अभियान का हिस्सा बनें और पर्यावरण व गौसंरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।



