सीजी भास्कर, 04 जून : रायपुर जिले के धरसीवां क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची से कथित सामूहिक दुष्कर्म (Dharsiwa Minor Case) के आरोपों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पहले भाजपा नेताओं द्वारा उठाए गए इस मामले को अब कांग्रेस ने भी प्रमुखता से उठाते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई और संबंधित पुलिस अधिकारी के निलंबन की मांग करते हुए प्रशासन को 12 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
डेढ़ माह पहले लापता हुई थी नाबालिग
जानकारी के अनुसार धरसीवां क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग बच्ची करीब डेढ़ माह पहले लापता हो गई थी। मामले में पुलिस ने अपहरण का अपराध दर्ज किया था। अगले ही दिन बच्ची घर लौट आई थी, जिसके बाद उसका बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया गया था। मामला उस समय फिर चर्चा में आया जब जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति सरोज चंद्रवंशी ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और गंभीर आरोप लगाए।
भाजपा नेत्री ने लगाए गंभीर आरोप
जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई है। उन्होंने सिलयारी चौकी प्रभारी पर पीड़िता और उसके परिजनों को डराने-धमकाने तथा शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं करने के आरोप भी लगाए। मामले को लेकर ग्रामीण एसपी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू राजेंद्र बंजारे सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस को 12 घंटे की चेतावनी
मंगलवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरसीवां में प्रदर्शन कर माना सीएसपी लंबोदर पटेल को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। पूर्व विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा, पीसीसी पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष भावेश बघेल, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू राजेंद्र बंजारे, ऊधोराम वर्मा, दुर्गेश वर्मा और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष वर्मा सहित अन्य नेताओं ने सिलयारी चौकी प्रभारी जितेंद्र दुबे को तत्काल निलंबित करने की मांग भी उठाई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस बोली- नियमानुसार हुई कार्रवाई
इधर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और माना सीएसपी लंबोदर पटेल ने कहा है कि पुलिस ने पूरे मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की है। अधिकारियों के अनुसार बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही तत्काल मामला दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि बच्ची के घर लौटने के बाद उसके बयान भी मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए गए थे। सामूहिक दुष्कर्म के जो आरोप लगाए जा रहे हैं, उनकी भी गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा के बाद कांग्रेस भी हुई आक्रामक
मामले की राजनीतिक अहमियत इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि शुरुआत में भाजपा नेताओं ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। अब कांग्रेस भी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर आई है। ऐसे में यह मामला कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही के साथ-साथ राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। धरसीवां क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर लगातार चर्चाएं जारी हैं और अब सभी की नजर पुलिस जांच रिपोर्ट तथा प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।




