सीजी भास्कर, 14 जून : दुर्ग जिले में सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों (Police Crackdown) पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने रविवार को बड़ा अभियान चलाया। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया, जिसमें खुलेआम शराब पीने और सार्वजनिक स्थलों पर हुड़दंग मचाने वाले 90 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों, पार्कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस टीमों ने अचानक दबिश दी। पुलिस की इस कार्रवाई से नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
एएसपी बोले- आगे भी जारी रहेगा अभियान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों (Police Crackdown) पर शराब सेवन और अड्डेबाजी जैसी गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलेभर में चलाया गया यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की प्राथमिकता आम जनता के लिए सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना है।
सुपेला थाना रहा सबसे आगे
विशेष अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई थाना सुपेला क्षेत्र में की गई, जहां 12 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा अंजोरा थाना क्षेत्र में 7 लोगों पर कार्रवाई हुई। उतई, पुरानी भिलाई, वैशाली नगर और जामुल थाना क्षेत्रों में 6-6 मामले दर्ज किए गए।
वहीं छावनी, पद्मनाभपुर और दुर्ग थाना क्षेत्रों में 5-5 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। नेवई, खुर्सीपार और अंडा थाना क्षेत्रों से 4-4 मामले सामने आए। पाटन, अमलेश्वर और मोहन नगर पुलिस ने 3-3 लोगों पर कार्रवाई की। नंदिनी नगर, बोरी, रानीतराई, पुलगांव और कुम्हारी थाना क्षेत्रों में 2-2 तथा मचांदूर थाना क्षेत्र में 1 प्रकरण दर्ज किया गया।
जिलेभर में 90 प्रकरण दर्ज
पुलिस के मुताबिक अभियान के दौरान पूरे जिले में कुल 90 प्रकरण दर्ज किए गए। इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों, पेट्रोलिंग स्टाफ और विशेष पुलिस टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन नहीं करने और अड्डेबाजी जैसी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही लोगों से कहा गया है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या असामाजिक गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।





