सीजी भास्कर, 14 जून : महिला टी20 विश्व कप (Women’s T20 World Cup 2026) में आज क्रिकेट जगत की सबसे चर्चित प्रतिद्वंद्विता देखने को मिलेगी। भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें 14 जून को इंग्लैंड के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में आमने-सामने होंगी। भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होने वाले इस मुकाबले पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें टिकी हुई हैं। दोनों टीमें टूर्नामेंट में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेंगी, लेकिन इस मुकाबले में भारतीय स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना पर सबसे ज्यादा नजरें रहने वाली हैं।
स्मृति मंधाना पर रहेंगी सबसे ज्यादा निगाहें
इस बड़े मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें भारतीय स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना पर होंगी। पाकिस्तान के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। मंधाना ने अब तक पाकिस्तान के खिलाफ खेले 10 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 10 पारियों में 239 रन बनाए हैं, जो मौजूदा भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा हैं।
इंग्लैंड में पाकिस्तान के खिलाफ अब तक नहीं हुईं आउट
स्मृति मंधाना का इंग्लैंड की धरती पर पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड और भी खास है। साल 2022 में इंग्लैंड में पाकिस्तान के खिलाफ खेली अपनी एकमात्र टी20 पारी में उन्होंने 63 रन बनाकर नाबाद रहते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। खास बात यह है कि इंग्लैंड में पाकिस्तानी गेंदबाज अब तक उन्हें आउट नहीं कर सके हैं।
अगर मंधाना आज पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी पारी खेलती हैं तो वह भारत-पाकिस्तान महिला टी20 मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन सकती हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड मिताली राज के नाम दर्ज है।
सिर्फ 77 रन दूर इतिहास रचने से
स्मृति मंधाना को मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए सिर्फ 77 रन की जरूरत है। अगर वह यह आंकड़ा पार कर लेती हैं तो भारत-पाकिस्तान महिला टी20 इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जाएंगी। ऐसे में महिला टी20 विश्व कप 2026 का यह मुकाबला उनके लिए बेहद खास साबित हो सकता है।





