सीजी भास्कर, 22 जून। राजधानी रायपुर के सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल गोलबाजार में चेन स्नेचिंग की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। खरीदारी करने पहुंची एक महिला पत्रकार की मासूम बेटी के गले से एक अज्ञात महिला ने सोने की चेन चोरी कर ली। पूरी वारदात बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। (Golbazar Chain Snatching Case)
मामला गोलबाजार थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला अपने पति और छोटी बेटी के साथ बाजार में खरीदारी करने पहुंची थीं। बाजार में काफी भीड़ थी और बच्ची अपनी मां की गोद में थी। इसी दौरान एक महिला उनके पास आकर खड़ी हो गई और भीड़ का फायदा उठाते हुए बच्ची के गले में पहनी सोने की चेन निकाल ली।
डेढ़ लाख रुपए की थी चेन : Golbazar Chain Snatching Case
बताया जा रहा है कि चोरी हुई चेन का वजन करीब एक तोला था, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए आंकी गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला भीड़ में गायब हो गई। कुछ देर बाद परिजनों को चेन गायब होने की जानकारी मिली। इसके बाद आसपास तलाश की गई, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला।
CCTV में कैद हुई संदिग्ध महिला
घटना की सूचना मिलते ही गोलबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध महिला बच्ची के गले से चेन निकालते हुए दिखाई दे रही है। फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने तेज की तलाश : Golbazar Chain Snatching Case
फिलहाल गोलबाजार थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही महिला की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





