सीजी भास्कर, 06 नवंबर। जिला न्यायालय परिसर दुर्ग में आने वाले पक्षकारों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम जनता की सुविधा के लिए आज विधिवत पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ (Police Help Center) किया गया। इस केंद्र का उद्घाटन प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश शेख अशरफ, कलेक्टर अभिजीत सिंह तथा डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

भटकने से मिलेगी मुक्ति, एक जगह मिलेंगी कई सेवाएं Police Help Center
इस सहायता केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य कोर्ट आने वाले नागरिकों को पुलिस से जुड़ी सेवाओं और कानूनी प्रक्रियाओं के लिए त्वरित, सहज व सुलभ मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। अब लोगों को विभिन्न जानकारियों के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एफआईआर की प्रति प्राप्त करना, सम्मन और वारंट से संबंधित विवरण, पुलिस वेरिफिकेशन और ई-फाइलिंग संबंधी मार्गदर्शन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मुफ्त कानूनी मदद प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी, कोर्ट परिसर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान हो सकेगा।

वरिष्ठ न्यायाधीश व अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन अवसर पर तृतीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश यशवंत कुमार सारथी, चतुर्थ जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती सुनीता टोप्पो, अष्टम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश पुरुषोत्तम सिंह मरकाम, नवम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश पंकज दीक्षित, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उमेश कुमार भागवतकर, तृतीय अतिरिक्त न्यायाधीश (प्रथम व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी) वीरेन्द्र सिंह, व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी पंकज शर्मा एवं आयुष ताम्रकार उपस्थित (Police Help Center) रहे। साथ ही जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा, सचिव रविशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष साकेत मिश्रा, सदस्य रविशंकर मानिकपुरी सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद थे।



