सीजी भास्कर, 10 जुलाई। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। रामानुजनगर विकासखंड के खोरखोरीपारा प्राथमिक स्कूल में पदस्थ हेडमास्टर हरिनंदन सिंह शराब के नशे में स्कूल पहुंच गए। नशे की हालत इतनी ज्यादा थी कि वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे और स्कूल परिसर में बच्चों के जूते-चप्पलों के पास ही जमीन पर लेट गए। (Surajpur Drunk Headmaster Suspended)
बताया जा रहा है कि गुरुवार (9 जुलाई) को हेडमास्टर लड़खड़ाते हुए स्कूल पहुंचे और बच्चों व शिक्षकों के सामने गाली-गलौज करने लगे। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीण स्कूल पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया। लेकिन हेडमास्टर ने उल्टा ग्रामीणों से अभद्र भाषा में बात की और धमकी देते हुए कहा कि “पटककर मारूंगा।”
ग्रामीणों ने जब कहा कि घटना का वीडियो जिला कलेक्टर को भेजा जाएगा, तब भी हेडमास्टर का रवैया नहीं बदला। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग की त्वरित कार्रवाई : Surajpur Drunk Headmaster Suspended
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने हेडमास्टर हरिनंदन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विभाग का कहना है कि स्कूल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह का आचरण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।



