दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में भाटापारा और हथबंध स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन सेक्शन पर ऑटो सिग्नलिंग कमीशनिंग के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य किया जाएगा। इस तकनीकी कार्य के कारण 22 और 23 जुलाई को बिलासपुर, रायपुर, कोरबा और गेवरा रोड रूट पर चलने वाली 8 मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है। इससे दैनिक यात्रियों और अन्य रेल यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, बिलासपुर रेल मंडल में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए तीसरी रेल लाइन और आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में भाटापारा-हथबंध सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग कमीशनिंग के लिए एनआई कार्य आवश्यक है, जिसके चलते कुछ ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित रहेगा।
22 जुलाई को रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर (68728), बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर (68734), गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर (68733), बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर (68719), कोरबा-रायपुर पैसेंजर (58203), रायपुर-कोरबा पैसेंजर (58204) और रायपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर (68746) रद्द रहेंगी। वहीं, 23 जुलाई को कोरबा-रायपुर मेमू पैसेंजर (68745) का संचालन भी निरस्त रहेगा।
इसके अलावा 22 जुलाई को झारसुगुड़ा-गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू (68862/68861) का परिचालन भी आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। यह ट्रेन बिलासपुर स्टेशन पर ही समाप्त होगी और यहीं से वापस रवाना होगी। इस दौरान बिलासपुर-गोंदिया-बिलासपुर के बीच ट्रेन का संचालन नहीं किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। तीसरी लाइन और आधुनिक सिग्नलिंग व्यवस्था का कार्य पूरा होने के बाद भविष्य में रेल परिचालन अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है।



