दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य विपक्षी सांसदों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान ये नेता बिना अनुमति आकाशवाणी भवन परिसर में दाखिल हुए।
पुलिस के मुताबिक, विपक्षी सांसद संसद से चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। पुलिस ने जब मार्च को निर्वाचन सदन के बाहर रोक दिया, तो राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और करीब 20 अन्य विपक्षी नेता पास स्थित आकाशवाणी भवन परिसर में चले गए और वहां शाम करीब 8 बजे तक विरोध प्रदर्शन किया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है और मामले की जांच जारी है।
इससे एक दिन पहले करीब 300 विपक्षी सांसदों ने संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च किया था। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। पुलिस ने निर्वाचन आयोग मुख्यालय के बाहर मार्च को रोक दिया और 250 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेता आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए। बाद में पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया। कांग्रेस का आरोप है कि राहुल गांधी, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल समेत अन्य नेताओं के साथ पुलिस ने धक्का-मुक्की की और उन्हें जबरन बसों में बैठाया।



