नोएडा के जेवर में बने इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को योगी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट बैठक के बाद इसका ऐलान किया।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर उनके सम्मान में यह प्रस्ताव पारित किया गया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में राज्य में 42 नए हाईवे बनाए गए हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, कैबिनेट बैठक में कुल 39 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जो अब तक की किसी एक बैठक में सबसे ज्यादा फैसले हैं।
जेवर एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को किया था। चार चरणों में विकसित होने वाले इस एयरपोर्ट के पहले चरण में करीब 3,300 एकड़ जमीन पर टर्मिनल और रनवे बनाए गए हैं। इसकी सालाना यात्री क्षमता लगभग 1.2 करोड़ बताई गई है।



