सीजी भास्कर, 10 नवंबर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से अंधविश्वास और धोखाधड़ी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बीमारी ठीक करने और शादी में आ रही रुकावट दूर करने का झांसा देकर 40 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। (Black magic)
मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि चंद्र कुमार जायसवाल ने पूजा-पाठ के बहाने युवती को अपने किराए के मकान में बुलाया। वहां उसकी महिला साथी गायत्री महंत भी मौजूद थी।
आरोपियों ने युवती को पूजा के लिए गीले कपड़ों में बुलाया। इसके बाद पूजा के दौरान अभिमंत्रित जल बताकर उसे नींद की दवा मिला पानी पिलाया। युवती के बेहोश होने पर आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पूजा-पाठ, हवन और बिजनेस में काम दिलाने के नाम पर अलग-अलग बहाने बनाकर युवती से करीब 6 लाख रुपए भी वसूल लिए।
परेशानी दूर नहीं होने और लगातार पैसों की मांग से परेशान होकर युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। (Black magic)
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी महिला साथी गायत्री महंत को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि झाड़-फूंक और अंधविश्वास के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


