उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से चमोली जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गुलर पुल से करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 4:30 बजे गुलर बाजार के पास हुआ। बस (UK09PA-9779) अचानक नियंत्रण खो बैठी और पुल से नीचे खाई में गिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की ब्यास पोस्ट से रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। हादसे की गंभीरता को देखते हुए ढालवाला पोस्ट और बटालियन मुख्यालय से भी अतिरिक्त टीमें भेजी गईं। SDRF ने पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
रेस्क्यू टीम ने दुर्घटनाग्रस्त बस से 26 घायलों को बाहर निकाला। दुर्गम रास्ते और खड़ी चढ़ाई के बीच घायलों को स्ट्रेचर की मदद से सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहीं, 8 मृतकों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, बचाव दल ने आसपास के पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई यात्री मलबे में फंसा न रह गया हो।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हर साल 1,000 से अधिक सड़क हादसे सामने आते हैं। संकरी और घुमावदार सड़कों के साथ खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। सड़क हादसों में 2030 तक 50 प्रतिशत कमी लाने के लक्ष्य के साथ उत्तराखंड सरकार ने फरवरी 2025 में सड़क सुरक्षा नीति को मंजूरी दी थी।



