बिलकिस बानो मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दो दोषियों को बड़ी राहत देते हुए उनकी उम्रकैद की सजा निलंबित कर दी है और जमानत दे दी है।
कोर्ट ने कहा कि दोनों दोषी 17 साल से ज्यादा समय जेल में बिता चुके हैं। उनकी अपील में कुछ ऐसे कानूनी मुद्दे हैं, जिन पर विचार किया जाना जरूरी है। साथ ही पीठ ने एक दोषी बिपिनचंद जोशी की गंभीर विकलांगता को भी ध्यान में रखा।
जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने 28 अक्टूबर को यह आदेश सुनाया था।
बता दें कि जनवरी 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो मामले के 11 दोषियों की समयपूर्व रिहाई का फैसला रद्द कर दिया था। अब इनमें से दो दोषियों को जमानत मिली है।
दरअसल, साल 2002 में गुजरात दंगों के दौरान बिलकिस बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। उस समय बिलकिस बानो गर्भवती थीं।



