सीजी भास्कर, रायपुर 18 नवंबर : जिन बच्चों ने अब तक उपग्रहों को आसमान में चमकते बिंदुओं के रूप में देखा था, अब वे उनके मॉडल को करीब से समझ सकेंगे। जनजातीय अंचलों के बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए विज्ञान भारती की ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल (Space On Wheels) संचालित की जा रही है। इसके तहत विशेष वाहन के जरिए इसरो के उपग्रहों के मॉडल और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी प्रदर्शन सामग्री दूरस्थ गांवों और स्कूलों तक पहुंचाई जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल की सराहना की है।
यह भी पढ़ें : Durg House Theft Case : विदेश में रह रहे भाई का सूना मकान बना चोरों का निशाना, फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार; अब तक 7 पर कार्रवाई
सीएम ने की पहल की सराहना
नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री साय से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय क्षेत्रों में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के प्रयासों की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान और नवाचार के प्रति जिज्ञासा नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। जनजातीय अंचलों के बच्चों को देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों से परिचित कराने से उनमें नई चीजें जानने-समझने की रुचि बढ़ेगी और नई संभावनाओं के प्रति उत्सुकता विकसित होगी।
वाहन में दिखेंगे इसरो के उपग्रह मॉडल
विज्ञान भारती के प्रतिनिधि वर प्रसाद कोला ने मुख्यमंत्री को संस्था की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विज्ञान भारती राष्ट्रीय स्तर की संस्था है, जिसका मुख्यालय नई दिल्ली में है। संस्था स्वदेशी विज्ञान आंदोलन के माध्यम से भारतीय वैज्ञानिक परंपरा और आधुनिक विज्ञान के बीच संवाद स्थापित करने का काम कर रही है। इसमें वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ नई पीढ़ी के वैज्ञानिक भी जुड़े हैं।
वैज्ञानिक और शिक्षक देंगे जानकारी
कोला ने बताया कि ‘स्पेस ऑन व्हील’ वाहन (Space On Wheels) में इसरो द्वारा प्रक्षेपित उपग्रहों के मॉडल और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी प्रदर्शन सामग्री रखी जाती है। वाहन के साथ मौजूद वैज्ञानिक और प्रशिक्षित शिक्षक बच्चों को उपग्रहों, अंतरिक्ष अभियानों और अनुसंधान की कार्यप्रणाली सरल भाषा में समझाते हैं।
इस पहल का उद्देश्य उन दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों तक अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी पहुंचाना है, जहां वैज्ञानिक संस्थानों और प्रयोगशालाओं तक पहुंचना आसान नहीं है। इस चलित विज्ञान प्रदर्शनी (Space On Wheels) से बच्चों को देश की अंतरिक्ष उपलब्धियों को करीब से जानने और विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. कुशकुमार नायक और एनआईटी रायपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर डॉ. दिलीप कुमार सिसोदिया भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : Mohla Manpur Murder Case : शराब पीकर पत्नी से कर रहा था विवाद, गुस्से में कुल्हाड़ी से काट डाला पति



