सीजी भास्कर, भिलाई नगर, 18 नवंबर 2026। दुर्ग-भिलाई और रायपुर में घूम-घूमकर चिट्टा (हेरोइन) की तस्करी करने वाले नेटवर्क (Bhilai Heroin Smuggling) पर पुलिस ने कार्रवाई की है। स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने मुख्य सप्लायर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10.30 ग्राम हेरोइन, बिक्री की नकदी और दोपहिया वाहन सहित कुल 4 लाख 22 हजार रुपये की मशरूका जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोबाइल फोन के जरिए ग्राहकों से संपर्क करते थे और वाहनों से अलग-अलग जगहों पर नशे की पुड़िया पहुंचाते थे।
इमली तालाब के पास ग्राहक की तलाश में था आरोपी
स्मृतिनगर चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोहका के इमली तालाब के पास एक युवक अवैध मादक पदार्थ बेचने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर रायपुर के पचपेड़ी नाका निवासी मृत्युंजय दुबे (27) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 3.58 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह यह खेप सुपेला के कृष्णा नगर निवासी विकास पाल (23) से खरीदता था और रायपुर क्षेत्र में इसकी सप्लाई करता था।
निशानदेही पर मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
मृत्युंजय से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने स्टील सिटी कॉलोनी में दबिश दी और कथित मुख्य सप्लायर विकास पाल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6.72 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इस कार्रवाई (Bhilai Heroin Smuggling) में पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल 10.30 ग्राम हेरोइन जब्त की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों से नशे की खेप कौन-कौन खरीदता था और इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
मोबाइल से संपर्क, दोपहिया वाहनों से सप्लाई
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी मोबाइल फोन के जरिए ग्राहकों से संपर्क करते थे। इसके बाद दोपहिया वाहनों से दुर्ग-भिलाई से रायपुर तक अलग-अलग ठिकानों पर घूमकर नशे की पुड़िया पहुंचाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सुजुकी एक्सेस, एक्टिवा और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
4.22 लाख की मशरूका जब्त
पुलिस ने दोनों आरोपियों से कुल 4 लाख 22 हजार रुपये की मशरूका जब्त की है। इसमें 2 लाख 6 हजार रुपये कीमत की 10.30 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, दोपहिया वाहन, दो मोबाइल फोन और बिक्री के 11 हजार 200 रुपये नकद शामिल हैं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य संपर्कों और ग्राहकों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें : Gariaband Leopard News : सड़क पर अचानक सामने आया तेंदुआ, राहगीरों ने रोकी गाड़ियां, वीडियो वायरल



