सीजी भास्कर, 18 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 19 नवंबर को सुहेला के दुर्गा मैदान में आयोजित सेवा संकल्प तिहार में जिले को 459 करोड़ 45 लाख रुपये के विकास कार्यों (Balodabazar Development Works) की सौगात देंगे। इस दौरान 142 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत के 97 कार्यों का लोकार्पण और 316 करोड़ 55 लाख रुपये के 178 कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ भी करेंगे। सड़क, पुल-पुलियों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े इन कार्यों से जिले की विकास योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।
459 करोड़ के 275 कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री 19 नवंबर को तहसील मुख्यालय सुहेला पहुंचेंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम में वे कुल 459 करोड़ 45 लाख रुपये के 275 विकास कार्यों (Balodabazar Development Works) की शुरुआत और लोकार्पण करेंगे। इनमें 316 करोड़ 55 लाख रुपये के 178 कार्यों का भूमिपूजन तथा 142 करोड़ 90 लाख रुपये के 97 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
इन परियोजनाओं से जिले में सड़क अधोसंरचना, आवागमन और नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर संपर्क के साथ लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
यह भी पढ़ें : Durg House Theft Case : विदेश में रह रहे भाई का सूना मकान बना चोरों का निशाना, फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार; अब तक 7 पर कार्रवाई
इन प्रमुख सड़कों का होगा भूमिपूजन
भूमिपूजन होने वाले प्रमुख कार्यों में विकासखंड बलौदाबाजार में 88 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से लटुआ-पनगांव बायपास मार्ग का निर्माण शामिल है। वहीं सुहेला तहसील में 23 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से सुहेला तिराहा के तीन मार्गों पर डिवाइडर और लाइटयुक्त सड़क बनाई जाएगी।
इसके अलावा विकासखंड सिमगा में 8 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से हथबंद-जांगड़ा सड़क, भाटापारा में 6 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से दतरेंगा-बिजराडीह के बीच पुल-पुलियों सहित 6.20 किलोमीटर सड़क तथा 5 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से तुरमा-खैरी सड़क निर्माण का भूमिपूजन होगा।
इन विकास कार्यों का होगा लोकार्पण
लोकार्पण होने वाले प्रमुख कार्यों में विकासखंड भाटापारा में 65 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से खपरी-सिलवा-करहीबाजार सड़क का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण शामिल है। इसके साथ ही 9 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से भाटापारा-सुहेला-हिरमी-मोहरा मार्ग का डामरीकरण और मजबूतीकरण किया गया है।
विकासखंड पलारी में 3 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से बने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आइटीआइ) भवन का लोकार्पण होगा। वहीं बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम घुलघुल में 3 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से मल्लीन नाला पर और कसडोल विकासखंड के ग्राम मटिया में 3 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से मटिया नाला पर बने स्टॉपडेम का भी लोकार्पण किया जाएगा।
मंत्री और जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले के प्रभारी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब शामिल होंगे।
विशिष्ट अतिथियों में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक संदीप साहू, विधायक इंद्र साव, विधायक कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े, प्रमोद शर्मा, लक्ष्मी बघेल, जनपद अध्यक्ष डॉ. दौलतराम पाल, जिला पंचायत सदस्य डॉ. मोहन वर्मा और ईशान वैष्णव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।



