सीजी भास्कर, भिलाई, 21 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में पढ़ाई का तरीका बदलने की तैयारी है। अब प्रोफेसर पढ़ाने, विद्यार्थियों का मूल्यांकन करने और शोध कार्यों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल करेंगे। इसके लिए रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी ने गूगल फॉर एजुकेशन के साथ मिलकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया है। इस पहल (AI Education in Chhattisgarh) के तहत प्रदेश के करीब 15 हजार प्रोफेसरों और शिक्षकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता की ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि कक्षा शिक्षण से लेकर शोध तक नई तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जा सके।
23 नवंबर से शुरू होगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 23 नवंबर को सुबह 11 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में होगा। समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव, वरिष्ठ अधिकारी और गूगल फॉर एजुकेशन के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के जरिए शिक्षकों को नई तकनीक से जोड़ने और उच्च शिक्षा में पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : Sugar Price Hike : चीनी के दाम में फिर उछाल, कई शहरों में 70 रुपये किलो तक पहुंची कीमत; एक साल में 30% महंगी
गूगल देगा प्रमाणपत्र
इस कार्यक्रम में रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी समन्वय और संचालन की जिम्मेदारी निभाएगी। विश्वविद्यालय ने उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से प्रशिक्षण की पूरी रूपरेखा तैयार की है। प्रशिक्षण कार्यशालाएं करीब तीन घंटे की होंगी, जबकि स्वयं सीखने वाले पाठ्यक्रम 30 से 45 मिनट के छोटे भागों में तैयार किए जाएंगे। प्रशिक्षण सामग्री और प्रमाणपत्र गूगल की ओर से दिए जाएंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को प्रशिक्षक बनाया जाएगा, जो आगे अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे।
यह भी पढ़ें : Kanker Pressure IED Recovered : जंगल में मिला 3 किलो का प्रेशर आईईडी, सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों ने टाली बड़ी घटना
पढ़ाई और शोध में होगा इस्तेमाल
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षक कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से पाठ्य सामग्री तैयार करना, विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक गतिविधियां बनाना और कठिन विषयों को आसान तरीके से समझाना सीखेंगे। इसके अलावा शोध कार्यों में सामग्री जुटाने, साहित्य समीक्षा, लेखन और विद्यार्थियों के मूल्यांकन में तकनीक के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। शिक्षकों को तथ्य जांचने, विद्यार्थियों की जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने और तकनीक का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने के तरीके भी बताए जाएंगे।
हिंदी और अंग्रेजी में प्रशिक्षण
उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से इस कार्यक्रम को प्रदेशभर में संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यशालाओं के साथ स्वयं सीखने वाले पाठ्यक्रम भी शामिल होंगे। शिक्षक हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में प्रशिक्षण ले सकेंगे। अलग-अलग समूह बनाकर प्रशिक्षण को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की योजना है। इसके तहत करीब 15 हजार शिक्षकों को नई तकनीक में दक्ष बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे आने वाले समय में कॉलेजों की पढ़ाई और शोध कार्यों में बदलाव देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें : Donald Trump AI Policy : विदेश में AI डेटा सेंटर बनाए तो लगेगा भारी टैक्स? ट्रंप ने अमेरिकी कंपनियों को दी चेतावनी



