सीजी भास्कर, भिलाई नगर, 22 नवंबर 2026। बच्चों ने अपनी कल्पनाओं और रंगों के जरिए ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया। ऊर्जा दक्षता ब्यूरो और विद्युत मंत्रालय के तत्वावधान में राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता (Chhattisgarh Energy Conservation Painting Competition) का आयोजन पावरग्रिड के 400/220 केवी रायपुर उपकेंद्र, कुम्हारी में किया गया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के कुल 83 हजार 385 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अलग-अलग आयु वर्गों में पाखी भगत और प्रिंस पटेल ने पहला स्थान हासिल किया।

दो विषयों पर मुकाबला
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को ‘ऊर्जा बचाएं, भविष्य सुरक्षित बनाएं’ और ‘बीईई स्टार लेबलों की चमकार, ऊर्जा सुरक्षा हो शानदार’ जैसे विषयों पर चित्र बनाने का अवसर मिला। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए ऊर्जा की बचत और बेहतर भविष्य का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रजनीश तिवारी, मुख्य महाप्रबंधक, परिसंपत्ति प्रबंधन, पश्चिमी क्षेत्र-1, पावरग्रिड ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों की सृजनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ ललित कला के क्षेत्र में करियर बनाने का माध्यम भी बन सकती हैं।
यह भी पढ़ें : Mukhyamantri Kanya Vivah Yojana : शादी का सीजन शुरू, लेकिन आधार सत्यापन की व्यवस्था गायब! आवेदन करने वाले जोड़े परेशान
दोनों वर्गों के विजेता
कक्षा 5 से 7 के ग्रुप ए में डीपीएस रिसाली, दुर्ग की पाखी भगत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सेंट टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल, रायगढ़ के दक्षित कुमार सिंह दूसरे और सेंट प्राइवेट अकादमी, मनेन्द्रगढ़ की आराध्या सोंढी तीसरे स्थान पर रहीं। कक्षा 8 से 10 के ग्रुप बी में सेंट टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल, रायगढ़ के प्रिंस पटेल ने पहला स्थान हासिल किया। ओपी जिंदल स्कूल, खरसिया की आद्या तिवारी दूसरे और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायगढ़ के विशाल प्रधान तीसरे स्थान पर रहे।
यह भी पढ़ें : Gau Samman Abhiyan Raipur : 17 दिसंबर को राजधानी में जुटेंगे गौभक्त, गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की उठेगी मांग
अतिथियों ने दिया संदेश
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि सोमा घोष, उपायुक्त, केंद्रीय विद्यालय संगठन रायपुर और निहार रंजन साहू, वरिष्ठ परियोजना समन्वयक, क्रेडा ने ऊर्जा दक्षता को राष्ट्र निर्माण के लिए आवश्यक बताया। इससे पहले राज्य नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ महाप्रबंधक आरपी साहू ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का संचालन और समन्वय दीपक कुमार, उप महाप्रबंधक, रायपुर तथा डॉ. श्रुति तिवारी, प्रबंधक एवं राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता 2026 की समन्वयक ने किया। समापन पर प्रबंधक अरविंद टोप्पो ने आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें : Dhamtari Dhan Kharidi : किसानों के लिए राहत की खबर! जरूरत पड़ी तो बढ़ेगी धान खरीदी की तारीख



